इस सृष्टि में आदमी के अलावा जितने भी जीव हैं, वे सब अपने बच्चों को बड़े होते ही उनको अपना जीवन जीने के लिए अपने से अलग कर देते हैं।
पक्षी और कछुआ
पक्षी अपनी संतानों को उड़ना सिखा देने के बाद उन्हें अपने घोंसले में घुसने नहीं देते, ताकि वे अपना घोंसला खुद बनाएँ और अपना जीवन जिएँ।
कछुई जलाशय के बाहर बालू या मिट्टी में गड्ढा बनाकर काफ़ी संख्या में अंडे देती है और उसे मिट्टी या बालू से ढक देती है। इसके बाद वह अंडों के पास नहीं आती। जलाशय से ही वह मानसिक चिंतन से उनका पोषण करती है।
इनमें से ज़्यादातर अंडे तो कुत्ते और भेड़िये आदि खोदकर खा जाते हैं, और जो शेष बचते हैं, उनमें से बच्चे निकलकर स्वतः ही जलाशय में चले जाते हैं।
मनुष्य का मोह
एक आदमी ही ऐसा प्राणी है जो जीवन की अंतिम साँस तक अपनी संतानों के मोह के कारण उनसे अलग नहीं हो पाता, और उनके अलग हो जाने पर दुखी रहता है।
मैं भी मोह और स्वार्थ के कारण, इसी श्रेणी में आता हूँ।
— “श्रोत्रिय तर्पण” से साभार


